कांग्रेस के नेता हैरान-परेशान,अपनों ने साथ छोड़ा

https://tehalkatodayindia.blogspot.com/2011/08/blog-post_6019.html
तहलका टुडे टीम
कांग्रेस के नेता हैरान-परेशान हैं। उनके तमाम अपने लोगों ने साथ छोड़ दिया है। लोकपाल के सवाल पर पहले जो लोग सरकार के साथ थे, अन्ना की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने भी सरकार से पीछा छुड़ा लिया है। अन्ना के जन लोकपाल बिल को खारिज करने वाली राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य भी अब अन्ना के साथ खड़े दिख रहे हैं।
सोनिया गांधी की इस हाई प्रोफाइल समिति की सदस्य अरुणा रॉय अन्ना के जन लोकपाल के खिलाफ थीं। वे और उनके सहयोगी निखिल डे सरकार और सिविल सोसायटी दोनों से अलग लोकपाल बिल का ड्राफ्ट बना रहे थे, पर अरुणा रॉय और निखिल डे दोनों ने अन्ना की गिरफ्तारी का विरोध किया है।एनएसी के एक और सदस्य हर्ष मंदर ने अन्ना की गिरफ्तारी की आलोचना की है। सोनिया गांधी की इस कमेटी के एक और हाई प्रोफाइल सदस्य एनसी सक्सेना कपिल सिब्बल और मनीष तिवारी दोनों से नाराज हैं। उन्होंने अन्ना पर दिए इन दोनों नेताओं के बयानों की निंदा की। कांग्रेस में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वाले तेलुगू सुपरस्टार चिरंजीवी अन्ना के समर्थन में उतर गए। उन्होंने अन्ना की गिरफ्तारी का खुला विरोध किया है। अब तक संसद में और संसद के बाहर सरकार को समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी खुल कर कांग्रेस के खिलाफ खड़ी है। संसद में या संसद से बाहर कांग्रेस की कोई समर्थक पार्टी अन्ना के सवाल पर सरकार के साथ नहीं खड़ी है। यूपीए में शामिल और बाहर से समर्थन दे रही सभी पार्टियां कांग्रेस और सरकार के स्टैंड के खिलाफ हैं।