न्याय व मानवताप्रेम के प्रतीक हज़रत अली
http://tehalkatodayindia.blogspot.com/2011/08/blog-post_22.html

शहादत 21 रमज़ान वर्ष 40 हिजरी क़मरी की भोर का समय था। दो दिन पूर्व नमाज़ की स्थिति में सिर पर विष में बुझी तलवार का वार लगने के कारण पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम के उत्तराधिकारी हज़रत अली अलैहिस्सलाम की स्थिति बिगड़ चुकी थी। उनसे मिलने के लिए आने वाले सभी लोगों की आंखों में आंसू थे। हज़रत अली ने आंखें खोलीं और कहा कि कल तक मैं तुम्हारा साथी था, आज मेरी स्थिति तुम्हारे लिए एक पाठ है और कल मैं तुमसे जुदा हो जाऊंगा। अंतिम समय में उनके लिए कूफ़े के बच्चे जो दूध लेकर आए थे, उसका एक प्याला उन्हें दिया गया। उन्होंने थोड़ा सा दूध पिया और कहा कि बाक़ी दूध उस बंदी को दे दिया जाए जिसने उनके सिर पर वार किया था। हज़रत अली अलैहिस्सलाम का अंतिम समय निकट आ चुका था और उनकी संतान उन्हें अपने घेरे में लिए हुए थी, सभी की आंखों से आंसुओं की बरसात हो रही थी। उन्होंने अपनी अंतिम वसीयतें कीं और ज्येष्ठ पुत्र इमाम हसन अलैहिस्सलाम से कहा कि उन्हें कूफ़ा नगर से दूर किसी अज्ञात स्थान पर दफ़्न किया जाए।
इतना सुनना था कि हज़रत अली के निकट मौजूद लोग संयम न रख सके और सभी के रोने की आवाज़ें गूंजने लगीं। उन्होंने इमाम हसन से अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि हे मेरे बेटे मेरे बाद अपने बहन भाइयों का ध्यान रखना और संयम से काम लेना। इसके बाद उन्होंने जो अंतिम वाक्य कहे उनमें ईश्वर के अनन्य होने और हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम के अंतिम पैग़म्बर होने की गवाही दी। इसके बाद संसार में न्याय व मानवताप्रेम का सबसे बड़ा प्रतीक अपने बच्चों को रोता बिलकता छोड़ कर अपने रचयिता से जा मिला। शहादत के समय हज़रत अली अलैहिस्सलाम की आयु तिरसठ वर्ष थी और उन्हें कूफ़े के निकट नजफ़ नामक नगर में दफ़्न किया गया। लगभग सौ वर्षों तक उनकी क़ब्र अज्ञात रही और पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम के पौत्र हज़रत इमाम जाफ़र सादिक़ अलैहिस्सलाम के काल में लोगों को उनकी क़ब्र का पता चला। श्रोताओ हज़रत अली अलैहिस्सलाम की शहादत के दुखद अवसर पर हम आप सबकी सेवा में हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं और इस संबंध में एक विशेष कार्यक्रम लेकर उपस्थित हैं।

हज़रत अली अलैहिस्सलाम ऐसी हस्ती हैं जिनके अस्तित्व के गुणों और पवित्र प्रवृत्ति ने उन्हें सभी मानवीय आयामों से श्रेष्ठ बना कर हर समय व पीढ़ी के समक्ष प्रस्तुत किया है। उनका प्रशिक्षण पैग़म्बरे इस्लाम सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम जैसी महान हस्ती की छत्रछाया में हुआ था जिसके बाद वे साहस, न्याय व ईश्वर से भय की चरम सीमा पर पहुंच गए। वर्तमान काल के प्रख्यात दार्शनिक शहीद मुर्तज़ा मुतह्हरी अपनी एक पुस्तक में हज़रत अली के बारे में लिखते हैं। वे एक संतुलित अस्तित्व के स्वामी थे। सभी मावनीय गुण उनमें एकत्रित हो गए थे। उनके विचार अत्यंत गहन और भावनाएं अत्यंत कोमल थीं। दिन में लोगों की आंखें उन्हें त्याग व बलिदान करते देखतीं और कान उनके तत्वदर्शितापूर्ण कथनों और नसीहतों को सुनते थे जबकि रात में आकाश के तारे, ईश्वर के गुणगान को सुनते और उपासना के समय उनकी आंखों से बहती अश्रुओं की धारा को देखते थे। वे तत्वदर्शी और ईश्वर की गहरी पहचान रखने वाले भी थे, सामाजिक नेता और सिपाही भी थे, तथा मज़दूर, वक्ता एवं लेखक भी थे। कुल मिला कर वे सभी गुणों वाले एक संपूर्ण मनुष्य थे।

जीवन में हज़रत अली अलैहिस्सलाम का चरित्र, संसार के संबंध में उनके दृष्टिकोण से संबंधित था। वे संसार के संबंध में तर्कसंगत दृष्टिकोण रखते थे तथा संसार के संबंध में उनका रवैया अपने आपमें अनुदाहरणीय था। संसार तथा उसकी सुंदर प्रकृति ईश्वर की रचना है। आकाश, धरती, समुद्र, बादल, हवाएं तथा पर्वत सभी ईश्वर की निशानियां हैं। हज़रत अली धरती तथा प्रकृति से प्रेम करते थे और ईश्वर की सभी निशानियों की सुंदरता की प्रशंसा करते थे। वे सोतों, खेतों, खजूर के बाग़ों से अत्यधिक प्रेम करते थे। वे अपने कंधों पर खजूर की गुठलियों का गट्ठर उठा कर ले जाते और उन्हें मरुस्थल में बोते थे तथा गहरे कुओं से अपने हाथों से पानी निकाल कर उनकी सिंचाई करते थे। इस प्रकार उन्होंने मरुस्थल में खजूर के अनेक बाग़ों को अस्तित्व प्रदान कर दिया था। वे संसार को बुरा भला कहने वाले कि निंदा करते हुए संसार के संबंध में कहते हैं। संसार, सच्चों के लिए वास्तविक घर है, संसार को सही ढंग से पहचानने वालों के लिए स्वस्थ ठिकाना है और जो इससे (प्रलय के मार्ग के लिए) आहार लेना चाहे उसके लिए आवश्यकतामुक्त कर देने वाला घर है। संसार, ईश्वर को चाहने वालों का उपासना स्थल, तथा फ़रिश्तों के नमाज़ पढ़ने का स्थान है। संसार ईश्वर के प्रेमियों के व्यापार की मंडी है जहां वे ईश्वरीय दया का पात्र बनते हैं और अनंतकालीन स्वर्ग को प्राप्त करते हैं।

किंतु यदि यह संसार लक्ष्य बन जाए और परलोक के मुक़ाबले में आ जाए तो फिर यह मनुष्य की परिपूर्णता के मार्ग में बहुत बड़ी बाधा है। यदि इस संसार में उच्च मानवीय लक्ष्यों को कुचल दिया जाए, ईश्वर के बंदों को दास बनाया जाए, उनकी संपत्ति की लूट-मार की जाए और धार्मिक शिक्षाओं, मानवीय भावनाओं तथा शिष्टाचारिक कटिबद्धताओं को सत्ता लोलुपता, वर्चस्ववाद तथा धन प्रेम की आग में जला दिया जाए तो फिर यह संसार अप्रिय है। हज़रत अली अलैहिस्सालम इस प्रकार के संसार से युद्ध करते हैं और इसे अत्यंत कुरूप बताते हैं। वे कभी इसे एक ऐसे सांप की उपमा देते हैं जो विदित रूप में बहुत रंगीन है किंतु उसके मुंह में प्राण घातक विष है। कभी वे कहते हैं यह संसार मेरी दृष्टि में सुअर की उस हड्डी से भी अधिक तुच्छ है जो किसी कोढ़ी के हाथ में हो। या गेहुं के उस छिलके से भी कम महत्व का है जो किसी टिड्डी के मुंह में हो। इस संसार के विरुद्ध हज़रत अली निरंतर संघर्ष करते हैं। नमरूद, फ़िरऔन और इसी प्रकार के अत्याचारियों का संसार उन्हें स्वीकार नहीं है। इस प्रकार के संसार के बारे में वे कहते हैं। हे संसार! मुझ से दूर हो जा कि मैंने तेरी लगाम तेरी गर्दन में डाल कर तुझे छोड़ दिया है। कहां हैं वे लोग जिनसे तूने खिलवाड़ किया और कहां हैं वे जातियां जिन्हें तूने अपने आभूषणों से धोखा दिया। जिसने भी तेरे फिसलने वाले मार्ग पर क़दम रखा, लड़खड़ा कर पाताल में गिर गया, जो तेरी उफनती हुई लहरों में फंसा वह डूब गया और जो कोई तेरे जाल को तोड़ कर निकल गया, वह विजयी हो गया। ईश्वर की सौगंध! मैं तेरे समक्ष नहीं झुकूंगा कि तू मुझे अपमानित कर दे और तेरे समक्ष नतमस्तक नहीं हूंगा कि तू मुझ पर अपनी लगाम कस दे।
हज़रत अली अलैहिस्सलाम के इस कथन के अनुसार संसार फिसलने वाला एक ऐसा मार्ग भी हो सकता है जो मनुष्य को ईश्वर तथा परिपूर्णता तक पहुंचने से रोक दे और उसकी चमक-दमक मनुष्य को स्वयं पर मोहित कर ले। अतः बुद्धिमान लोग संसार के बारे में गहन विचार करते हैं और ईश्वर का भय रखने वाले पवित्र लोगों की भांति, संसार को गंतव्य नहीं अपितु मार्ग समझ कर गुज़र जाते हैं और अपने आपको पापों से दूषित नहीं करते। हज़रत अली अलैहिस्सलाम एक अन्य स्थान पर कहते हैं कि ईश्वर दया करे उस व्यक्ति पर जो संसार के बारे में सोचे, उससे पाठ सीखे और चेतना प्राप्त करे क्योंकि जो कुछ इस संसार में है वह शीघ्र की समाप्त हो जाएगा और जो कुछ प्रलय में है वह अनंतकालीन है।
यही कारण है कि हज़रत अली अलैहिस्सलाम लोक-परलोक में सफलता का मंत्र यह बताते हैं कि मनुष्य धर्म व ईश्वरीय शिक्षाओं को जड़ तथा संसार को शाखाएं समझे। इस संबंध में वे कहते हैं कि यदि तुमने अपने संसार को अपने धर्म का आज्ञापालक बना लिया तो तुमने अपने धर्म और संसार दोनों की रक्षा की और प्रलय में भी तुम्हें मोक्ष व सफलता प्राप्त होगी।